उफ ये मुंह के छाले! जानें छालों के 10 कारण और उपचार के 10 तरीके

मुंह के छाले की समस्या एक आम समस्या है लेकिन इसका सही कारण जानें बिना इलाज करना ठीक नहीं। मुंह के छाले किसी एक कारण से नहीं बल्कि विभिन्न कारणों से होते हैं। यह छाले गालों के अन्दर, जीभ पर और होंठो के अन्दर की तरफ हो सकते हैं। कहने को तो यह कोई बड़ी समस्या नहीं लेकिन बहुत कष्टदायक है। यह मुंह में जलन, कुछ भी खाने में परेशानी का कारण बनते हैं। कई बार यह मुंह से खून निकलने का कारण भी बनते हैं और लगातार अनदेखी कभी-कभी कैंसर जैसे गंभीर रोगों का भी शिकार बना सकती है।

मुंह के छाले छोटे और बड़े दोनों ही तरह के हो सकते हैं। एप्थस छाले ज्यादातर पेट की खराबी, तीखा भोजन खाने से होते हैं, वहीं बुखार के छाले होठों के आस-पास हर्पिज सिम्प्लेक्स वायरस के कारण होते हैं। मुंह के छाले पित्त दोष हैं। वैसे तो कई बार मुंह के छाले अपने आप ठीक भी हो जाते हैं और कई बार हमें दवाइयां भी लेनी पड़ जाती हैं। आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक दवाएं भी बाजार में उपलब्ध हैं। इसके साथ-साथ इसे ठीक करने के लिए बहुत से घरेलू नुस्खे भी हैं।

 

छालों के प्रमुख कारण

1. पेट की खराबी, कब्ज, अपच।
2. शरीर में विटामिन बी-12, जिंक, फोलिक एसिड और आयरन की कमी हो जाना।
3. कई बार दांतों को सख्त बालों वाले, घटिया ब्रश से साफ करना या चबाते समय गलती से गाल का कट जाना भी छाले का कारण बनता है।
4. हेलिकोबैक्टर पाइलोरी नामक बैक्टीरिया की मौजूदगी भी छालों का प्रमुख कारण है।
5. अत्यधिक फास्ट फूड, तला-भुना, मिर्च-मसालेदार भोजन का सेवन।
6. महिलाओं में अनियमित मासिक धर्म या मासिक धर्म के समय हार्मोनल बदलाव भी छालों का कारण है।
7. कई बार सोडियम लॉयरल सल्फेट वाले टूथपेस्ट या माउथवॉश का प्रयोग करना भी छाले कर देता है।
8. जब एस्पिरिन या एल्कोहल जैसे रसायन हमारे मुंह की श्लेष्मा झिल्ली के सम्पर्क में आते हैं तो उसको परिगलित करते हैं जिससे भी छाले बन जाते हैं।
9. रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी पावर) का कमजोर होने पर भी बार-बार छाले होते हैं।
10. क्रोन रोग और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसे आंत के रोग भी छाले का कारण है।

छालों का घरेलू उपचार

1. पेट साफ रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, भोजन में रेशेदार सब्जियों एवं फलों का सेवन ज्यादा करें।

2. अधिक मसालेदार, तले भुने खाने से परहेज रखें।

3. विटामिन बी, सी, आयरन, फॉलिक एसिड से युक्त फलों एवं सब्जियों का अधिक से अधिक सेवन करें।

4. विटामिन बी की मात्रा बढाने के लिए दूध से बने खाद्य पदार्थ जैसे दही, मक्खन, पनीर और दूध का अधिक लें।

5. सलाद में भोजन के साथ प्याज का इस्तेमाल मुंह के छालों की समस्या से राहत दिलाने में कारगर है।

6. मुंह की सफाई का विशेष ध्यान रखें, दांतों की सफाई में नरम बालों वाले ब्रश का इस्तेमाल करें

7. साफ चमेली की बेल के पत्तों को मुंह में रखकर चार से पांच मिनट धीरे-धीरे चबाएं। उसके थूक को मुंह में ही रखें, निगले नहीं और उसकी पीक को करीब 7 से 10 मिनट तक मुंह में घूमाएं। उसके बाद अच्छे से कुल्ला कर लें। मुंह के छालों से राहत मिलने के साथ जलन भी दूर होगी।

8. अरहर की दाल के दाने के बराबर छोटा सा कपूर का टुकड़ा पान के पत्ते में रखकर दातों से धीरे-धीरे दबाकर उसकी पीक को थूकते जाएं। फिर मुंह को अच्छे से कुल्ला के जरिए से साफ कर लें। यह मुंह के छालों में राहत दिलाने में मददगार है।

9. मुंह के छालों से छुटकारा दिलाने में नारियल पानी का सेवन काफी कारगर है। यह मुंह के छालों में जलन भी कम करता है।

10. सेब के सिरके को आधा गिलास पानी में मिलाकर दिन में दो-तीन बार गरारे करने से मुंह के छालों से राहत मिलती है।

: डॉ. अजय श्रीवास्तव, प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञ

India Health TV

subscribe now